राज्य स्तरीय वन्यप्राणी सप्ताह 2022 के तहत आज दिनांक 04.10.2022 को प्रातः 6.00 बजे पक्षी अवलोकन एवं जैवविविधता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सेम गर्ल्स कालेज एवं वी.एन.एस. कालेज की लगभग 65 प्रतिभागियों ने पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों का दर्शन किये जिनमें प्रमुख है लार्ज ग्रे बैबलर, ओरियेंटल डार्टर, स्मॉल मिनीवेट, स्पॉटेड डव, लॉफिंग डव, ग्रे हैरान, लिटिल कार्मोरेंट, पर्पल हैरान, नाईट हैरॉन, कॉमन आयोरा, ग्रे हार्नबिल, व्हाईट थ्रोटेड किंगफिशर, वूली नेक्ड स्टॉर्क, ब्रॉन्जड विंड जकाना, ब्लैक ड्रोंगो, ग्रीनप बी ईटर, व्हाईट ब्रेस्टेड वॉटर हैन एवं पोंड हैरॉन आदि को देखकर प्रतिभागी उत्साहित हो उठे। स्रोत व्यक्ति के रूप में डॉ. सुरेन्द्र तिवारी, श्री ए.के.खरे, डॉ. सुदेश वाघमारे, डॉ. संगीता राजगीर एवं मो. खालिक तथा अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संचालक वन विहार श्रीमती पदमप्रिया बालकृष्णन भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन सहायक संचालक वन विहार श्री एस.के.सिन्हा द्वारा किया गया।
आज की अन्य प्रतियोगिताओं के रूप में प्रातः 11.00 बजे से वन विहार स्थित विहार वीथिका में “विकास ही पर्यावरण असंतुलन का कारण है“ विषय पर विश्व प्रकृति निधि भारत के सहयोग से महाविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 32 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
05 अक्टूबर 2022 के कार्यक्रम
दिनांक 05.10.2022 को प्रातः 6.00 बजे पक्षी अवलोकन एवं जैवविविधता शिविर का आयोजन किया जायेगा। अन्य प्रतियोगिताओं के रूप में सभी आयु वर्ग हेतु वन विहार स्थित विहार वीथिका में प्रातः 10.30 बजे से 12.00 बजे तक “वाईल्ड एनीमल“ थीम पर मेंहदी प्रतियोगिता एवं अपरान्ह 12.30 बजे से 02.00 बजे तक “वाईल्ड एनीमल“ थीम पर ही पॉम पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही वन विहार स्थित विहार वीथिका में प्रातः 11.30 बजे से “गिद्धों का संरक्षण भी बाघ संरक्षण के समान महत्वपूर्ण है“ विषय पर शिक्षक वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जावेगी।